बांदा। 10 अगस्त से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल में शामिल हो रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को बाइक जागरूकता रैली निकाली। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले शासन के खिलाफ नारे लगाए और पुरानी पेंशन बहाल करने, वेतन विसंगति और मकान किराया भत्ते को वेतन बैंड से जोड़ने की मांग की। परिषद अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में विकास भवन से रैली रवाना हुई। महाराणा चौक, डिग्री कालेज, कालूकुआं, बाबूलाल चौराहा, गूलरनाका, जामा मस्जिद होते हुए वापस विकास भवन में खत्म हुई। रैली में शामिल सभी विभागों के कर्मचारियों ने शासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया और द्वेषपूर्ण नीतियों का विरोध किया। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संघ अध्यक्ष प्रमोद कुमार द्विवेदी, अमीन संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश दीक्षित, आंगनबाड़ी संघ की नीलम वर्मा, शिवकरन तिवारी, डीके श्रीवास्तव,, जेके नायक, इंजीनियर महासंघ मंडलीय अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा, सुखराम सिंह, भूरा सिंह, कल्लूराम, विनोद कुमार, भूरा यादव, केदार विश्वकर्मा, अमित रैकवार, स्वास्थ्य विभाग के राजेंद्र कुमार, महेश गुप्ता, रमेशचंद्र आदि शामिल हुए। अध्यक्ष ने बुधवार से कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।