शिवसैनिकों ने फूंका पाक पीएम का पुतला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। कश्मीर में सैनिकों पर आतंकी हमले का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। बुधवार को शिवसैनिकों ने पाक पीएम नवाज शरीफ का पुतला फूंका। वैचारिकी ने पाक को आतंकी राष्ट्र घोषित करने की मांग की। कायस्थ सभा ने शोक सभा कर श्रद्धांजलि दी। भाकपा ने भाजपा पर देशवासियों को गुमराह करने का आरोप लगाया। शिवसैनिकों ने जिला प्रमुख अमित कुमार शर्मा की अगुवाई में डीएवी इंटर कॉलेज चौराहा पर पाक पीएम का पुतला फूंका। इसके पूर्व मर्दन नाका स्थित कार्यालय में हुई बैठक में हमले को पाक की कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया। संदीप राज साहू, शंकरलाल, नरेंद्र कुमार, रामदेव, राजेंद्र कुमार, संतोष कुमार वर्मा, सुनील, राममिलन चौरसिया, संतोष भूरा, नन्ना, सुशील कुमार आदि शामिल रहे। उधर, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा जिलाध्यक्ष विजय निगम की अध्यक्षता में डॉ.भानु प्रताप भटनागर के आवास पर शोकसभा हुई। अश्वनी सिन्हा, रमेश प्रसाद श्रीवास्तव, प्रदीप निगम लाला, जयकरन श्रीवास्तव, रजनीश मोहन श्रीवास्तव, संजय, अमितेंद्र मोहन, संजय निगम, अरुणेश, सुधीर आदि ने पाक को करारा जवाब देने की मांग की।
साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों के संगठन वैचारिकी के संयोजक प्रोफेसर बाबूलाल शर्मा ‘धीरज’ ने कहा कि पाकिस्तान के बुद्धिजीवि और स्वतंत्र चेता अपने यहां आतंकियों को नियंत्रित करके विश्व में पाकिस्तान को आतंकवादी राष्ट्र घोषित किए जाने से बचा रहे हैं। वैचारिकी को इस घड़ी में इंसानियत के पक्ष में खड़ा होना चाहिए। उधर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला प्रवक्ता विमल कृष्ण ने कहा कि पाक को सबक सिखाने के बजाए भाजपाई पाक पीएम का पुतला व झंडा फूंककर जनता को गुमराह और बेवकूफ बना रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने शाम को कैंडिल मार्च निकाल कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
नरैनी प्रतिनिधि के मुताबिक शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि के लिए विवेकानंद इंटर कालेज में शोक सभा हुई। प्रधानाचार्य जमुना प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बाद में नगर में कैंडिल मार्च निकाला गया। सर्वेश कुमार, अमित द्विवेदी, सुरेंद्र मस्ताना इत्यादि शामिल रहे।