रमजान में पानी-बिजली के लिए दिया ज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। जून के पहले हफ्ते में शुरू हो रहे रमजान के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिद्दत की गर्मी में पड़ रहे रमजान के मद्देनजर शासन और प्रशासन से नियमित बिजली और पानी आपूर्ति की मांग की है। जिलाधिकारी ने अपने स्तर से हर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 7 जून से रमजान शुरू हो रहे हैं। इस सिलसिले में बुधवार को शाम शहर के प्रमुख मुस्लिमोें के प्रतिनिधि मंडल ने डीएम योगेश कुमार से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। उन्हें लिखित ज्ञापन दिया कि रमजान मेें रोजे के साथ ही मस्जिदों में तरावीह की नमाजें होती हैं। देर रात तक मस्जिदों और मुस्लिम इलाकों में सरगर्मी बनी रहती है।
अबकी शिद्दत की गर्मी में रमजान हैं। ऐसे में रोजदारों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरे माह नियमित रूप से बिजली और पानी की आपूर्ति बेहद जरूरी है। बिजली कटौती न की जाए। पहले से ही मेंटीनेंस इतना रखा जाए कि फाल्ट की नौबत न आए। फिर भी फाल्ट हो जाए तो तत्काल दुरुस्त कराएं। सुबह शाम दोनों वक्त जलापूर्ति हो। इसके अलावा नियमित रूप से शहर में और खासकर मस्जिदों के आसपास और मुस्लिम इलाकों में सफाई की खास व्यवस्था हो। छिपटहरी, मर्दननाका, छावनी, हाथीखाना, खाईंपार, कुंजरहटी, अलीगंज, गूलरनाका, निम्नीपार, खुटला, क्योटरा आदि इलाकों में यह सभी व्यवस्थाएं चौकस बनाई जाएं।
डीएम से मिलने वालों में शहर काजी सैय्यद मेराज मसूदी (अकील मियां), पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल हफीज फारूकी (चचा), मोहर्रम कमेटी संरक्षक मोहम्मद शोएब, पूर्व वार्ड सदस्य वहीद भाई शामिल रहे। डीएम ने प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया कि रमजान माह में सभी व्यवस्थाएं चौकस रखी जाएंगी।