{"_id":"57604f614f1c1bb26511c5eb","slug":"mla-16-overloaded-sand-laden-truck-caught","type":"story","status":"publish","title_hn":"विधायक ने 16 ओवरलोड बालू लदे ट्रक पकड़े","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
विधायक ने 16 ओवरलोड बालू लदे ट्रक पकड़े
ब्यूरो/अमर उजाला, बांदा
Updated Wed, 15 Jun 2016 12:09 AM IST
विज्ञापन
ओवरलोडिंग देखते विधायक विवेक कुमार सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। फर्जी रवन्नों से भारी मात्रा में किए जा रहे अवैध खनन के विरुद्ध सदर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक विवेक सिंह खुद खुलकर सामने आ गए। उन्होंने बालू भरे ट्रकों को रोककर उनके रवन्नों की पड़ताल कराई। इस दौरान 16 ओवरलोड ट्रक उन्होंने पकड़े। इसके बाद नायब तहसीलदार को बुलाकर रवन्ने फर्जी उन्हें सौंप दिए। कई चालक ट्रक छोड़कर भाग गए। विधायक ने जिलाधिकारी को भी इस मामले में लिखित अवगत कराते हुए कहा कि जिस ढंग से रात-दिन बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है उससे वह भी संदेह के घेरे में हैं।
विज्ञापन
विधायक विवेक सिंह मंगलवार को खुद नरैनी रोड पर निकल पड़े। मेडिकल कालेज के पास नरैनी और गिरवां की ओर से आ रहे तमाम बालू भरे ओवरलोड ट्रकों को रोककर उनके रवन्ने देखे। विधायक ने 16 ट्रकों के रवन्ने देखे। यह सब ओवरलोड थे। विधायक के मुताबिक रवन्ना फर्जी थे। उनमें नकली मुहर लगी है। प्रदेश सरकार का होलोग्राम नहीं लगा है और न ही किसी के हस्ताक्षर हैं। विधायक ने बताया कि खनिज अधिकारी को उन्होंने बुलाना चाहा लेकिन वह नहीं आए। इस पर उन्होंने अपर जिलाधिकारी को सूचना दी। एडीएम ने बांदा के नायब तहसीलदार को तत्काल मौके पर भेजा। विधायक ने सभी ट्रकों के रवन्ना और ट्रक नायब तहसीलदार के हवाले कर दिए। जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सभी ट्रकों के नंबर की सूची देते हुए इनके विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। रवन्ना निहालपुर घाट के जारी हुए हैं। प्रत्येक रवन्ना मात्र नौ घन मीटर बालू का जारी हुआ। जबकि ट्रकों में इससे ड्योढ़ी, दोगुनी बालू लदी पाई गई। विधायक ने कहा कि नरैनी और गिरवां क्षेत्र में भारी पैमाने पर हो रहे अवैध खनन पर जिलाधिकारी द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाना उनके प्रति संदेह पैदा करता है। अपने पत्र के साथ विधायक ने रवन्नों की फोटोकापी भी लगाई है।
विज्ञापन