वेंडरों की गुंडागर्दी, ट्रेन में यात्री को पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बांदा। ट्रेनों में अवैध वेंडरों की गुंडागर्दी और धमाचौकड़ी यात्रियों के लिए मुसीबत बनी है। शनिवार को संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की जनरल बोगी में वेंडरों ने चार यात्रियों को जमकर पीटा। जीआरपी जवानों ने दो वेंडरों को हिरासत लेने के कुछ देर बाद छोड़ दिया। शनिवार की शाम मानिकपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की जनरल बोगियां यात्रियों से खचाखच थीं। महोबा स्टेशन में खड्डी (छतरपुर) गांव निवासी जगदेव परिवार समेत ट्रेन में सवार हुआ और बोगी के अंदर पानी बेच रहे वेंडर से रास्ता मांगा। वेंडर को यह नागवार गुजरा और उसने यात्री से बदसलूकी शुरू कर दी।
इस पर दोनों भिड़ गए। अन्य यात्रियों के समझाने पर शांत हुए। तभी वेंडर के दो अन्य साथी आए और जगदेव समेत उसके पुत्र अनिल (16) व सोनू (14) के साथ मारपीट शुरू कर दी। इन्हें बचाने वाले यात्रियों को भी बेल्ट से पीटा। सूचना पर जीआरपी जवान रमेश कुमार ने दो वेंडरों को पकड़ लिया और थाने ले आया। एक वेंडर भाग निकला। हालांकि कुछ देर बाद दोनों को छोड़ दिया गया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि अवैध वेंडरों को जीआरपी जवानों का संरक्षण प्राप्त है। आए दिन ट्रेनों में यात्रियों के साथ मारपीट करते हैं। शिकायत पर जीआरपी जवान कार्रवाई करने की बजाए उल्टा उन्हें बचाने में जुट जाते हैं। उधर, महोबा जीआरपी थानाध्यक्ष हरविलास का कहना है कि यात्री ने पानी की बोतल ले ली, लेकिन रुपये नहीं दिए। इसी बात पर भिड़ गए थे। दोनों पक्षों में सुलह करा दी गई।