हाईकोर्ट : ग्राम सभा के पैनल वकीलों के सभी लंबित बिल 48 घंटे में चुकाएं, हाईकोर्ट ने दिया आदेश
ग्राम सभाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले पैनल अधिवक्ताओं की लंबित फीस को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार को कड़ा निर्देश दिया है। कोर्ट ने वित्त और राजस्व विभाग के प्रमुख सचिवों को 48 घंटे के भीतर सभी जिलों के डीएम को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी करने को कहा है। अदालत ने चेताया कि आदेश का पालन नहीं हुआ तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। कोर्ट ने कहा कि अधिवक्ताओं को समय पर फीस नहीं मिलने से मुकदमों के निस्तारण में देरी हो सकती है।
विस्तार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार को विभिन्न जिलों में ग्राम सभाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले पैनल अधिवक्ताओं के सभी लंबित बिलों का भुगतान सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा कि स्थिति अब जरूरी और असहज हो गई है। अधिवक्ताओं को समय पर पेशेवर फीस नहीं मिलने से मुकदमों के निस्तारण में देरी होगी।
न्यायमूर्ति अजीत कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने प्रदीप सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व चार अन्य मामले में यह आदेश दिया। कोर्ट ने वित्त और राजस्व विभाग के प्रमुख सचिवों को निर्देश दिया कि वे 48 घंटे में सभी जिलों के जिलाधिकारियों को ग्राम सभा के पैनल अधिवक्ताओं के लंबित बिलों का भुगतान करने के निर्देश जारी करें। कोर्ट ने चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं होने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा।
साथ ही 21 दिसंबर तक अनुपालन हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया। याचिका मिर्जापुर के अधिवक्ता प्रदीप सिंह ने दाखिल की थी। उनका कहना था कि मार्च 2023 से अप्रैल 2026 तक के बिलों का भुगतान नहीं किया गया है। सुनवाई में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि बिल पास हो चुके हैं। अन्य जिलों के अधिवक्ताओं ने भी 2020 से फीस नहीं मिलने की शिकायत की।
