{"_id":"609b8df53fe0f0446565cca7","slug":"corona-curfew-coronavirus-news-banda-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: कर्फ्यू का जायजा लेने कार से लाल बत्ती हटाकर सादे कपड़ों में घूमे आईजी, 58 राहगीरों और 50 वाहनों का किया चालान ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: कर्फ्यू का जायजा लेने कार से लाल बत्ती हटाकर सादे कपड़ों में घूमे आईजी, 58 राहगीरों और 50 वाहनों का किया चालान
Wed, 12 May 2021 01:49 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
Published by: शिखा पांडेय
Updated Wed, 12 May 2021 01:49 PM IST
सार
आईजी ने गाइडलाइन के हो रहे खुले उल्लंघन पर दोनों की क्लास ली और सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क का पालन कराने तथा अनुमति वाली दुकानों को ही खुलने की व्यवस्था के निर्देश दिए।
विज्ञापन
बाजार में अकेले सादे कपड़ों में निकलकर कर्फ्यू का जायजा लेते पुलिस आईजी के. सत्यनारायणा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बांदा जिले में कोरोना कर्फ्यू का कितना पालन हो रहा है, यह देखने पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा खुद निकल पड़े। अपनी कार से पुलिस के चिह्न और लाल बत्तियां हटवाकर शहर का निरीक्षण किया। सड़कों पर घूमने के दौरान उनके साथ मौजूद ड्राइवर और एक कांस्टेबिल भी सादे कपड़ों में था।
विज्ञापन
यह लोगों के बीच घूमते रहे और लोगों को भनक भी नहीं लगी। पूरा जायजा लेने के बाद आईजी ने सीओ सिटी और कोतवाली प्रभारी को तलब किया। यह दोनों और कई सब इंस्पेक्टर भागकर बाजार पहुंचे। आईजी ने गाइडलाइन के हो रहे खुले उल्लंघन पर दोनों की क्लास ली और सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क का पालन कराने तथा अनुमति वाली दुकानों को ही खुलने की व्यवस्था के निर्देश दिए।
विज्ञापन
आईजी ने अपना खुफिया निरीक्षण सब्जी मंडी, चौक बाजार, महेश्वरी देवी चौराहा आदि में किया। कुछ दुकानों में ज्यादा भीड़ देखकर दुकानदारों को ताकीद की कि बिना मास्क वालों को सामान न दें। गोले बनाकर उन्हें दूरी पर खड़ा करें। आईजी ने खुद भी खरीदारों को कतारबद्ध खड़ा कराया। आईजी ने इन लोगों से कहा कि बहुत ही जरूरी होने पर घरों से निकलें। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करें। संक्रमण से खुद बचे और दूसरों को भी बचाएं।
विज्ञापन
मंडल में 58 राहगीरों और 50 वाहनों का चालान
बीती रात चित्रकूटधाम मंडल में पुलिस ने कर्फ्यू पालन का चेकिंग अभियान चलाया। आईजी के. सत्यनारायण के निर्देश पर रात 10 से 12 बजे तक चले अभियान में 58 राहगीरों और 50 वाहनों का चालान करके उनसे 29500 रुपये वसूले गए। चारों जिलों में कुल 213 लोगाें से पूछताछ की गई। बांदा में मास्क न लगाने पर 25 लोगों और बेवजह वाहनों पर घूम रहे 14 लोगों का चालान किया गया। चित्रकूट में मास्क न लगाने वाले चार राहगीरों और बेवजह घूमने वाले छह लोगों का चालान हुआ। हमीरपुर में 23 लोगों को मास्क न लगाने और 28 वाहनों का चालान हुआ। महोबा में छह लोगों को मास्क न लगाने और दो वाहनों का अनावश्यक घूमने पर ई-चालान हुआ।