बांदा: मेडिकल कॉलेज चोरी कांड, 51 दिन बाद MP का शातिर गिरफ्तार, 11 लाख का माल और नकदी बरामद, अन्य की तलाश
Banda News: बांदा जिले के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के सरकारी आवासों में चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के 51 दिन बाद पुलिस ने झांझरा के जंगल से गिरोह के एक आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये के गहने व सामान और 4,160 नकद बरामद किए हैं।
विस्तार
बांदा जिले में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के सरकारी आवासों में चोरी करने वाले मध्य प्रदेश के गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने घटना के 51 दिन बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने सगे भाई और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 19 अगस्त की रात मेडिकल कॉलेज के दो सरकारी आवासों में चोरी की थी।
पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत का चोरी का माल और 4160 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरोह पर अन्य राज्यों में मेडिकल कॉलेजों, हॉस्टलों और सुनसान इलाकों में स्थित आवासों में चोरी करने का भी आरोप है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि डॉ. विकास ने 19 अगस्त को अपने सरकारी आवास में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
झांझरा के जंगल से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए शहर कोतवाली पुलिस के साथ सर्विलांस टीम को लगाया था। सुरागरसी और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मध्य प्रदेश के जिला धार के थाना टांडा क्षेत्र के गुराडि़या गांव निवासी राजेश को झांझरा के जंगल से गिरफ्तार किया।
बाउंड्री फांदकर दो आवासों में की थी चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 19 अगस्त की रात वह अपने सगे भाई सुमल और दो अन्य साथियों के साथ मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री फांदकर परिसर में घुसा था। इसके बाद दो सरकारी आवासों में चोरी की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि गिरोह झांसी मेडिकल कॉलेज सहित अन्य राज्यों के मेडिकल कॉलेजों, हॉस्टलों और सुनसान इलाकों में बने बड़े आवासों को निशाना बनाता था।
भाई समेत तीन अन्य की तलाश
एएसपी शिवराज ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उसके भाई सुमल के अलावा शंकर और मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के बड़ी कदवाल गांव निवासी भीलू की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।