Banda: महिला को बाइक ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत, घर के बाहर आग ताप रहा था परिवार
फतेहगंज थाना क्षेत्र के बघेलाबारी गांव में कौड़ा ताप रही महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। घायल महिला को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विस्तार
बांदा जिले के मकान और दुकान के बाहर कौड़ा जलाकर बच्चों समेत आग ताप रही महिला को तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मौत हो गई।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के बघेलाबारी गांव में सावित्री देवी (31) पत्नी राजकुमार साहू सड़क किनारे घर बनाकर कबाड़ की दुकान किए थी। रविवार की देर शाम वह घर के बाहर अपनी पुत्रियों शालिनी और संध्या के साथ कौड़ा जलाकर आग ताप रही थी।
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने बाइक चालक रोहित यादव निवासी चकला गांव को पकड़ लिया। बाइक चालक और परिजन महिला को जिला अस्पताल लाए।
यहां से रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोमवार को सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई गनेश साहू निवासी अतर्रा ने बताया कि वह कर्वी, चित्रकूट के भागवतपुर की रहने वाली है। कुछ साल से वह बघेलाबारी गांव में दुकान खोले थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के दो पुत्रियां और एक पुत्र है। बाइक फतेहगंज थाने में खड़ी करा दी गई है। थानाध्यक्ष हेमराज सरोज ने बताया कि मृतका के परिजनों से अब तक तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।