Balrampur News: साइबर ठगी के दो अंतरराज्यीय आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, चार दुकानदारों को बनाया था निशाना
बलरामपुर में पुलिस ने साइबर ठगी के दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने चार दुकानदारों को निशाना बनाया था।
विस्तार
यूपी के बलरामपुर में साइबर ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों के पास से 60 हजार रुपये नकदी, चार मोबाइल व कूटरचित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। एसपी विकास कुमार ने बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि फुलवरिया बाइपास विशुनापुर निवासी आनंद कुमार ने 25 अक्तूबर 2024 को तहरीर दी थी।
तहरीर में बताया था कि उन्हें व उनके मित्र विनय तिवारी को फर्जी प्रपत्र देकर साइबर अपराधियों ने पोषण ट्रैकर एप से गर्भवती को छह हजार रुपये देने का झांसा दिया और उनके खाते से 20 हजार रुपये ठग लिए। आनंद का बैंक खाता भी फ्रीज हो गया। साइबर अपराधियों ने इसी तरह से अजीत मोबाइल शॉप, मिश्रा सीएससी सेंटर व आराध्या मोबाइल शॉप भगवतीगंज से भी ठगी किया।
टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की
एसपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम थाना बलरामपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। एएसपी योगेश कुमार के नेतृत्व में सीओ यातायात डीके श्रीवास्तव एवं प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना आरपी यादव की टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
बृहस्पतिवार को हादुरापुर पेट्रोल पंप के पास से अंतर राज्यीय साइबर अपराधी सच्चिदानंद मंडल निवासी झिलुआ जगदीशपुर थाना बुढ़ई जनपद देवघर झारखंड तथा दीपक वर्मा निवासी झूरीकुइंया थाना खरगूपुर जनपद गोंडा को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पास से 60 हजार नकदी के साथ घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल, चार कूटरचित आधार कार्ड व पांच कूटरचित आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की गई।
चार दुकानदारों से 98 हजार की ठगी
पूछताछ में सच्चिदानंद मंडल ने बताया कि मेरे गांव झिलुआ जगदीशपुर के 20 लड़के साइबर ठगी करते हैं। मेरे मौसी की शादी दीपक वर्मा के गांव झूरीकुइंया में हुई है। मौसी के यहां आता रहता हूं। इस दौरान दीपक से दोस्ती करके उसे साइबर ठगी में शामिल कर लिया।
दोनों ने मिलकर जिले के चार दुकानदारों से 98 हजार 999 रुपये की ठगी की है। दोनों दिसंबर 2023 में झारखंड के साइबर थाना गिरीडीह में ठगी के मामले में जेल जा चुके हैं। झारखंड में अपराध करके बलरामपुर व बलरामपुर में अपराध करके झारखंड भाग जाते हैं। सच्चिदानंद व दीपक वर्मा के विरुद्ध झारखंड व बलरामपुर के साइबर थाने में ठगी के चार-चार मामले दर्ज हैं।