बलरामपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र के बहादुरापुर सिरसिया गांव में शनिवार रात मेडिकल स्टोर में आग लग गई। इससे लाखों रुपये की दवाओं समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण नहीं पता चल सका है।
मेडिकल स्टोर संचालक वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि शनिवार शाम वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। रात 11 बजे मेडिकल स्टोर में आग लगने की सूचना आसपास के लोगों ने फोन पर दी। वह तुरंत वहां पहुंचे और लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया मगर तब तक मेडिकल स्टोर में रखी दवाएं, फर्नीचर, लैपटॉप, इनवर्टर, फ्रिज, कंप्यूटर व पंखा समेत सभी सामान व कागजात जलकर राख हो गया।
सदर विधायक पल्टूराम ने रविवार सुबह मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़ित को उचित सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। पीड़ित ने देहात कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। (संवाद)