{"_id":"6a70a7361ada5023f8070837","slug":"balrampur-team-returning-after-stopping-illegal-teak-felling-attacked-uniforms-and-seizure-records-torn-2026-08-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Balrampur: अवैध सागौन काटने रोक कर लौट रही टीम पर हमला, वर्दी और फर्द फाड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Balrampur: अवैध सागौन काटने रोक कर लौट रही टीम पर हमला, वर्दी और फर्द फाड़ी
Mon, 03 Aug 2026 08:05 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर
अमर उजाला नेटवर्क, बलरामपुर
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Mon, 03 Aug 2026 08:05 PM IST
सार
आरोपियों ने वनकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और सरकारी कार्रवाई से संबंधित अभिलेख भी नष्ट कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने जब्त ट्रैक्टर और कटर मशीन छुड़ाने का भी प्रयास किया।
विज्ञापन
सेहरीवा गांव में इसी स्थान पर हुआ था वनकर्मियों पर हमला।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
महराजगंज तराई क्षेत्र के सेहरीवा गांव में अवैध सागौन कटान की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। कटान रुकवाकर ट्रैक्टर और कटर मशीन जब्त कर लौट रही टीम को रास्ते में घेरकर पिटाई की गई। आरोपियों ने वनकर्मियों की वर्दी फाड़ दी और सरकारी कार्रवाई से संबंधित अभिलेख भी नष्ट कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वन दरोगा की तहरीर पर कई नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
वन दरोगा कुशाग्र पाठक ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सेहरीवा गांव में अवैध रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई की जा रही है। सूचना पर वह वन दरोगा गौरव मिश्रा तथा वन रक्षक मनीष सिंह और अजय शुक्ला के साथ मौके पर पहुंचे। वहां रंजीत कुमार शुक्ला और लालजी सिंह कथित रूप से कटान कराते मिले। टीम ने कटान का परमिट और अन्य अभिलेख मांगे, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
विज्ञापन
जांच के दौरान मौके पर 26 सागौन के कटे हुए ठूंठ मिले। कुछ लकड़ियां घटनास्थल पर पड़ी थीं, जबकि अधिकांश लकड़ी हटाई जा चुकी थी। वन विभाग ने कटान में प्रयुक्त ट्रैक्टर और कटर मशीन को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। आरोप है कि महादेव गोसाई चौराहे से आगे रामस्वरूप गांव के पुल के पास रंजीत शुक्ला, संगमलाल और उनके पांच-छह साथियों ने मोटरसाइकिलों व अन्य वाहनों से वन विभाग की टीम का रास्ता रोक लिया।
विज्ञापन
आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए वनकर्मियों की पिटाई की, सरकारी कार्रवाई से संबंधित फर्द छीनकर फाड़ दी तथा वर्दी भी फाड़ दी। साथ ही जान से मारने और दोबारा क्षेत्र में आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने जब्त ट्रैक्टर और कटर मशीन छुड़ाने का भी प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि वन विभाग की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।