विशुनपुरा। बच्चों को उत्तम शिक्षा देने के लिए करीब छह वर्ष पहले जूनियर हाईस्कूल तुकी दौलतपुर को उच्चीकृत कर उसे हाईस्कूल में बदल दिया गया है। स्कूल बनकर तैयार हो गया है लेकिन अब इसके लोकार्पण का इंतजार है। 2016-17 में तुर्की दौलतपुर के जूनियर हाईस्कूल को उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनाने के लिए सरकार ने 69 लाख रुपये की स्वीकृति दी। निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को दी गई। देर से ही सही यह अब बनकर तैयार है। कमरों की रंगाई-पुताई भी हो चुकी है। खिड़की-दरवाजे लग गए हैं। पीने की पानी के लिए टंकी, शौचालय आदि का निर्माण हो चुका है। बस अब इसके लोकार्पण का इंतजार है। विद्यालय शुरू हो जाने पर विशुनपुरा, तुर्की, भीमपुरा नंबर दो, कमरौली, ननौरा पड़सरा, बिहरा हरपुर, करीमपुर, इंद्रौली मलकौली समेत 12 से अधिक गांवों के छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा। छात्र यहां हाईस्कूल तक की पढ़ाई कर सकेंगे। हालांकि उच्चीकृत हाईस्कूल में कक्षा नौ और 10 में छात्रों का प्रवेश भी हुआ है लेकिन भवन के अभाव में छात्र जूनियर हाईस्कूल के एक छोटे से कमरे में पढ़ाई कर रहे हैं। अध्यापन के लिए प्रभारी सहित चार अध्यापकों की नियुक्ति की गई है।