Ballia: सपा नेता हार से विचलित, मंत्री दयाशंकर सिंह बोले- रामचरित मानस पर अनर्गल बयानबाजी कर रहे स्वामी प्रसाद
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने गुरुवार को सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य जब से चुनाव हारे हैं, वे विचलित हो गए हैं। चर्चा में आने के लिए वह श्रीरामचरित मानस को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने श्रीरामचरित मानस पर विवादित टिप्पणी करने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली हार सपा नेता को पच नहीं रही। अपनी पराजय से विचलित स्वामी प्रसाद मौर्य चर्चा में बने रहने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
वो गुरुवार को बलिया में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के एक कार्यक्रम से इतर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने यूपी रोडवेज की बसों में किराया वृद्धि को सही करार देते हुए दावा किया है कि वृद्धि के बाद भी देश में सबसे कम किराया उत्तर प्रदेश में ही है। कहा कि जब डीजल 60 रुपये प्रति लीटर था उस समय किराया निर्धारित हुआ था, आज डीजल की कीमत 90 रुपये प्रति लीटर है।
10 हजार से अधिक होंगी नई नियुक्ति
30 रुपये की वृद्धि के कारण अंतर की पूर्ति नहीं हो पा रही थी। निगम को जर्जर हालत से उबारने के लिए योगी सरकार अनेक कदम उठा रही है। नियुक्तियों से लेकर नई रोडवेज बस खरीदी जा रही हैं। 2300 नई बसें खरीदी गई हैं। पुरानी बसों को शिफ्ट कर नई बस लाना है। सुविधाएं बढ़ रही हैं। घाटे में चलने के कारण शासन के आदेश को देखते हुए नई नियुक्ति नहीं हो पा रही थी।
10 हजार से अधिक नई नियुक्ति होनी है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने सोमवार को बसों के किराए में लगभग 24 प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला किया। फरवरी के दूसरे सप्ताह से नई दरें लागू की जाएंगी। अभी रोडवेज बसों का किराया 1.05 रुपये प्रति किलोमीटर है, जिसे 25 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर बढ़ाने का फैसला किया गया है।
गरीब के घर में अन्न का भंडार
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बुधवार को संसद में पेश हुए आम बजट में मंहगाई को लेकर पूछे जाने पर दावा किया है कि मोदी व योगी सरकार में गरीब के घर में अन्न का भंडार है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। कोई भूखा नहीं सो रहा है।