UP Encounter: टेंट कारोबारी हत्या केस में दो बदमाश अरेस्ट, पैर में लगी गोली; 15 हजार के इनामी पर दर्ज है FIR
Ballia News: बलिया के त्रिकालपुर में दोनों बदमाशों ने टेंट व्यापारी को जमकर पीटा था। इलाज के दाैरान उसकी माैत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और इनकी तलाश में लग गई। रविवार को दोनों मुठभेड़ में अरेस्ट कर लिए गए। वहीं, उनका एक साथी भाग निकला।
विस्तार
Encounter in Ballia: टेंट कारोबारी एजाजुल हक को चाकू मारकर हत्या मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त राघवेन्द्र प्रताप सिंह व अंगद कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य अभियुक्त रात के अंधेरे में फरार हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर ने बताया कि शनिवार की रात डेढ़ बजे के करीब गडवार पुलिस रामपुर असली मोड पर चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर आ रहे तीन व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। परंतु मोटरसाइकिल सवारों द्वारा बिना रुके गाड़ी मोड़कर भागने लगे, पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
रामपुर असली गांव जाने वाली सड़क की बांयी पटरी पर मोटरसाइकिल फिसल गई और पुलिस से घिरता देख बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में राघवेन्द्र प्रताप सिंह को दाहिने पैर में गोली लगी तथा दूसरा बदमाश अंगद कुमार निवासी भीखमपुर फेफना को बांये पैर में गोली लगी, मोटर साइकिल सवार बदमाश निरंजन सिहं निवासी त्रिकालपुर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से मोटर साइकिल लेकर भाग निकला।
पुलिस ने की कार्रवाई
पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि घायल बदमाश राघवेन्द्र प्रताप सिंह व अंगद कुमार अपने साथियों के साथ मिलकर 28 सितंबर की रात्रि त्रिकालपुर में एजाजुल हक को उसी की टेन्ट हाउस की दुकान के अन्दर घुसकर जान से मारने की नीयत से लात घूसों, चाकू और लाठी-डंडे से मारपीट कर अधमरा कर दिया था। जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
अभियुक्त राघवेन्द्र प्रताप सिंह की गिरफ्तारी हेतु एसपी ओमवीर सिंह ने 15 हजार रुपये का इनाम पूर्व में घोषित किया गया था। दोनों घायल अभियुक्त को इलाज हेतु सदर अस्पताल भेजा गया। पकड़े गए बदमाश राघवेन्द्र प्रताप सिंह व अंगद कुमार के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया। भागे हुए बदमाश की तलाश जारी है। राघवेंद्र पर गोवंश तस्करी सहित कई मुकदमा दर्ज है। टेंट कारोबारी एजाजुल हक हत्या मामले में नौ नामजद व दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज है।