वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़े शव दाह गृह के पुन:निर्माण के लिए सोमवार को नगर पंचायत मनियर के युवाओं ने शवदाह गृह की शव यात्रा निकाली। शवयात्रा पूरे नगर का भ्रमण कर नपं कार्यालय पर जाकर समाप्त हुई। मनियर परशुराम मंदिर के पीछे शवदाह गृह का निर्माण वर्ष 2016 में करीब 58 लाख की लागत किया गया था। दो वर्ष के अंदर ही आधा हिस्सा टूटकर बगल में बह रहे बहेरा नाले में गिर गया। आरोप है कि शवदाह गृह का निर्माण गुणवत्ता के अनुरूप नहीं बनाया गया था। अधिशासी अधिकारी मनियर के सभासदों की उपस्थिति में एक वर्ष पूर्व ताला बंद कर दिया गया था। तब से पुन: निर्माण कराने की मांग की जारी रही है। बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव भी पास हुआ। यहां तक कि सम्पूर्ण समाधान दिवस पर शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन नगर पंचायत प्रशासक के तरफ से आज तक कोई पहल नहीं की गई। नाराज लोगों ने क्षतिग्रस्त शवदाह गृह के मरम्मत के लिए शवयात्रा निकाली। टीडी कालेज के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह के कहा कि नगर प्रशासक नगर के प्रति उदासीन है जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। यदि शवदाह गृह का निर्माण तत्काल नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर मदन सचेस, कृष्णा, अभिमन्यु, घूरा पटेल, संतोष पटेल, महात्मा, विनय सिंह, विशाल सिंह, सिपु सिंह, संदीप सिंह, रोशन सिंह, खरवार मनीष, राहुल कुमार, अजय पटेल, संतराज चौरसिया, मुंकु सिंह, मृत्युंजय यादव, शक्ति सिंह आदि रहे।