बेल्थरारोड। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पर रात को इलाज के बिना जख्मी युवती को लौटाने वाले फार्मासिस्ट एके मिश्रा को अस्पताल के अधीक्षक डॉ तनवीर आजम ने स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही मई माह के उनके वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है। अधीक्षक आजम ने बताया कि फार्मासिस्ट को फरवरी माह में भी कार्यों में लापरवाही को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था। इस बीच बीते 14 मई की रात फिर फार्मासिस्ट द्वारा अपने कार्यों में लापरवाही करने का मामला सामने आया है।
बता दें कि फार्मसिस्ट एके मिश्र पर 14 मई को जख्मी हालत में अस्पताल में इलाज कराने आई भीमपुरा थाना क्षेत्र के अनुप्रिया सिंह (19) पुत्री विनोद सिंह को इलाज के बिना ही लौटाने का आरोप है। कुत्ते के काटने से युवती का चेहरा गंभीर तरह से जख्मी हो गया था। जिसके कारण उसका इलाज कराने और एंटी रैबिज इंजेक्शन लगवाने के लिए परिजन रात करीब दस बजे सीएचसी सीयर अस्पताल पहुंचे, लेकिन फार्मासिस्ट ने मरीज को बिना देखे ही एन्टी रैबीज न लगने का बहाना बनाकर लौटा दिया। जिसके कारण रात में परिजनों ने अस्पताल गेट के सामने ही मेडिकल स्टोर पर मरहम पट्टी कराया। जाने से पहले दोबारा परिजन अस्पताल में युवती के साथ पहुंचे। जहां मौजूद एक चिकित्सक के सामने फार्मासिस्ट ने अपनी गलती स्वीकारी और बीपी नापने की खानापूर्ति कर लौटा दिया। मामले में मंगलवार को फार्मासिस्ट के विरुद्ध की गई कार्रवाई से स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मचा है।