दयाछपरा/रामगढ़। केहरपुर और गंगापुर में कटान रोधी कार्य शुरू कराने, कटान पीड़ितों को गृह अनुदान देने आदि की मांग को लेकर इंटक जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने सोमवार को समर्थकों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे सुघर छपरा ढाले पर धरना दिया। इस दौरान इंटक नेता ने मौके पर पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी हेमंत मिश्र और बाढ़ विभाग के सहायक अभियंता कमलेश कुमार को ज्ञापन दिया।
धरना सभा में वक्ताओं ने केहरपुर व गंगापुर में नदी पर कटान रोधी कार्य शुरू कराने, गोपालपुर में ध्वस्त रिंग बंधे का निर्माण कराने, गोपालपुर व केहरपुर के कटान पीड़ितों को तत्काल गृह अनुदान देने, बेलहरी से मांझी तक हाईवे को मार्च तक दुरुस्त करने, केहरपुर में पानी टंकी बनाने की मांग की। इसके अलावा मझौवा, रामपुर दिघार, पियरौटा में भी पानी टंकी बनाई जाय। वहीं उदई छपरा, केहरपुर, गंगापुर में ध्वस्त हुए सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय बनाया जाए। कहा कि 2018 में गंगापुर व केहरपुर को कटान से बचाने की परियोजना को निरस्त कर दिया गया था। वक्ताओं ने कहा कि दुबेछपरा में एक बार नौ करोड़ व एक बार 29 करोड़ पास किया गया था। इस दौरान गंगापुर, केहरपुर, गोपालपुर के सभी कटान पीड़ितों की सूची पढ़कर सुनाई जाए। इस मौके पर इंटक जिलाध्यक्ष विनोद सिंह, अयोध्या प्रसाद हिंन्द, ग्राम प्रधान विजयकांत पांडेय, जयप्रकाश यादव, विजेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह, राकेश वर्मा, रिंकू गुप्ता, पंकज तिवारी कृष्णा सिंह, शंकर यादव, नारायण सिंह मौजूद रहे।