बलिया। नगर से सटे सहसपाली स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल में सीआईएससीई जोनल खो-खो प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को आयोजित हुई। इसमें विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सेक्रेड हार्ट स्कूल सहरसपाली, ज्योति निकेतन स्कूल आजमगढ़, सेंट मेरीज स्कूल जमानिया, सेंट मेरीज स्कूल मिर्जापुर एवं साई इंटरनेशनल स्कूल आजमगढ़ आदि विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अभिषेक मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है। प्रतियोगिता के क्रम में बालक वर्ग अंडर 14 में सेक्रेड हार्ट स्कूल सहरसपाली प्रथम, सेंट मेरीज स्कूल जमानिया द्वितीय तथा साई इंटरनेशनल स्कूल आजमगढ़ तीसरे स्थान पर रहे। जबकि अंडर 14 बालिका वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल सहरसपाली प्रथम, ज्योति निकेतन आजमगढ़ द्वितीय तथा सेंट मेरीज स्कूल जमानिया तीसरे स्थान रही। इसीक्रम में अंडर 17 बालिका वर्ग में ज्योति निकेतन आजमगढ़ प्रथम, सेंट मेरीज स्कूल जमानिया द्वितीय स्थान पर रही। अंडर 19 बालक वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल सहरसपाली प्रथम, सेंट मेरीज स्कूल द्वितीय स्थान पर रही। अंडर 19 बालिका वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल सहरसपाली प्रथम, सेंट मेरीज स्कूल मिर्जापुर द्वितीय तथा सेंट मेरीज स्कूल जमानिया तीसरे स्थान पर रही। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्या नम्रता पांडेय ने सभी विजेता एवं प्रतिभागियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं टीम भावना का विकास करते है। उन्होंने खो-खो संघ से आए सभी निर्णायकों, रेफरी एवं अधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया।