बलिया: सड़क हादसे में जीजा-साले की मौत, छह दिन पहले हुई थी शादी, यूपी-बिहार के दो परिवारों में मचा कोहराम
बलिया के केवटलिया निवासी कलिका (25) अपने साले अमित (15) के साथ बाइक से ससुराल जा रहा था। बांसडीह-बलिया मार्ग स्थित महाविद्यालय के पास सामने आ रही मैजिक ने बाइक में टक्कर मार दी।
विस्तार
यूपी के बलिया जिले में गुरुवार को मैजिक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार जीजा-साले की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद यूपी-बिहार के दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। इनमें से एक कलिका की शादी छह दिन पूर्व ही हुई थी।
जिस दुल्हन के हाथ की मेहंदी भी नहीं छूटी थी, वह विधवा हो गई। इस खबर से हर कोई सुनकर अवाक रह गया मृत युवक कलिका के पिता मुंशी साहनी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में चालक और मैजिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। कलिका की शादी तीन दिसंबर को हुई थी।
दूसरे साले को लाने जा रहा था कलिका
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के केवटलिया निवासी कलिका साहनी (25) अपने साले अमित (15) निवासी इशरपुरा जनपद आरा, बिहार के साथ अपने दूसरे साले राजू कुमार को लेने बाइक से हल्दी गंगा घाट जा रहा था। बांसडीह-बलिया मार्ग स्थित महाविद्यालय के पास पहुंचा था कि सामने आ रही मैजिक और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली निरीक्षक श्रीधर पांडेय ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कलिका की शादी तीन दिसंबर को बिहार के आरा थाना शाहपुर के ईशरपुरा निवासी धर्मेद्र चौधरी की बेटी चांदनी के साथ हुई थी। उसका साला अमित बहन के साथ ही उसके ससुराल आया था और तब से यहीं पर था।
बृहस्पतिवार को वह बड़े भाई को लेने हल्दी घाट जीजा के साथ जा रहा था। बाइक कलिका को शादी में मिली थी, वह बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।घटना की जानकारी होने के बाद दोनों परिवार के लोग जिला अस्पताल के पहुंच गए। पुलिस मैजिक व बाइक को थाने ले आई।
हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी और उजड़ गया मांग का सिदूर
बीते तीन दिसंबर को चांदनी की हुई शादी में हाथ में लगी मेहंदी और पांव में लगे महावर छूटे भी नहीं थे कि भगवान ने उसके पति व भाई को छीन लिया। चांदनी पर तो दो तरफा पहाड़ टूट गया। जहां एक तरफ पति तो दूसरी तरफ भाई की मौत हो गई। उसे क्या पता था कि उसका पति के साथ रिश्ता चंद दिनों का ही रहेगा।
चांदनी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस नई नवेली दुल्हन के रूदन क्रंदन से वहां उपस्थित हर किसी की आंखों में बरबस ही आंसू छलक जा रहे थे। पास-पड़ोस की महिलाएं चांदनी समेत पूरे परिवार को ढांढ़स बंधाने में लगी रहीं। उधर, मृतक अमित के गांव बिहार में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कोर्ट के कर्मचारी की मौत
उभांव थाना क्षेत्र के अवाया गांव के सैय्यद स्थान के पास बुधवार की देर रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
बताया जाता है कि गोरखपुर जनपद के गोरखनाथ लोहिया नगर निवासी रणजीत कुमार (31) पुत्र ओमप्रकाश बुधवार की देर रात में बाइक से कहीं जा रहा था। उभांव थाना क्षेत्र के अवाया गांव के सैय्यद स्थान के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से रणजीत की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक जिला एवं सत्र न्यायालय का अधीनस्थ कर्मी बताया जा रहा है।