Ballia News: भूमि पैमाइश के बदले राजस्व निरीक्षक ने ली 4500 की रिश्वत, वीडियो वायरल होने पर बैठी जांच
बलिया के बैरिया तहसील के सुरेमनपुर-श्रीनगर क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वो रुपये लेते दिख रहे हैं। आरोप है कि ये रुपये रिश्वत के हैं।
विस्तार
बलिया के बैरिया तहसील के सुरेमनपुर-श्रीनगर क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश यादव की ओर से पांच हजार रुपये रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्र ने राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश को उनके क्षेत्र से हटाकर कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया है।
वहीं तहसीलदार शैलेंद्र कुमार को जांच सौंप कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है। आरोप है कि ओमप्रकाश यादव ने खरिका के एक किसान से पैमाइश के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान ने किसी तरह 4500 रुपये का इंतेजाम कर राजस्व निरीक्षक को एक सप्ताह पहले दिया था।
भाजपा महिला मोर्चा की नेता ने भी लगाए थे आरोप
किसी ने लेनदेन का वीडियो बना लिया और इटंरनेट पर डाल दिया। इस वीडियो ट्वीट करते हुए एक यूजर ने मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री को टैग कर दिया। पिछले 22 जून को भाजपा महिला मोर्चा की नेता महिमा सिंह ने भी जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश यादव पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे।
आरोप लगाया था कि राजस्व निरीक्षक ने रिश्वत वसूली के लिए मुकेश नाम के युवक को अपने साथ रखा है। उक्त शिकायती पत्र को जिलाधिकारी कार्यालय से जांच के लिए बैरिया तहसील भेजा गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैरिया तहसील में तैनात अधिकांश लेखपाल और राजस्व निरीक्षक प्राइवेट आदमी से वसूली करवाते हैं। मामले में एसडीएम आत्रेय मिश्र ने कहा कि राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश यादव को क्षेत्र से हटाकर कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। उनके स्थान पर राजस्व निरीक्षक सुरेश राम को तैनात कर दिया गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।