Petrol Crisis: बलिया में 4 बजे भोर से पंपों पर कतार, कई जगहों पर बुलानी पड़ी पुलिस; तेल के लिए दो में मारपीट
Ballia News:
विस्तार
बलिया जिले में डीजल व पेट्रोल का संकट बरकरार है। शनिवार को 4 बजे भोर से ही पंपाें पर लोगों की कतार लग गई। कई पंपों पर लोग तेल के टैंकर के आने के इंतजार में घंटों खड़े रहे। जीराबस्ती वर्कशाॅप के पास स्थिति पंप पर आगे-पीछे बाइक में तेल लेने के लिए दो लोगों में मारपीट हो गई। इससे दो घंटे तक वितरण व्यवस्था बंद रहा। पुलिस के आने के बाद वितरण शुरू हुआ।
रामपुर उदयभान पेट्रोल पंप पर चार बजे भोर से बाइकों की कतार लग गई। लोगों का कहना था कि टैंकर आने की सूचना मिलने के बाद कतार में लगे हुए है। गैस के बाद बाइकों की भी कतार लगने लगी। शहर के चित्तू पांडेय चौराहा स्थित पंप पर तीखी धूप के बाद भी लंबी कतार लगी रही। डीजल व पेट्रोल की कमी से शादी विवाह पर भी असर पड़ने लगा है।
रामपुर उदयभान पेट्रोल पंप पर कर्मचारी लगातार चिल्लाते रहे कि अगर किसी के वाहन में मरीज या इमरजेंसी हो तो आगे आकर तेल ले सकता है। कर्मचारी वाहनों के पास जाकर देख भी रहे थे। दो दिन पहले बैरिया में एक पंप तेल न मिलने से मरीज की मौत के बाद पंप संचालक पूरी तरह से इमजेंसी सेवा को लेकर गंभीर हो गए है।
पंदह क्षेत्र के पटपर स्थित शारदा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पंदह और हथौज स्थित पंपों पर भी ताला लटका रहा और उपभोक्ता खाली हाथ लौटने को मजबूर दिखे।
6 में से 2 पर ग्राहकों की उमड़ी भीड़, 4 की मशीनें बंद
इंदरपुर । नगरा क्षेत्र के कुल 6 पेट्रोल पंपों में से 4 पर पेट्रोल-डीजल नहीं था। ब्रह्म स्थान के समीप स्थित एचपी का पेट्रोल पंप बंद था। वहीं समीप स्थित इंडियन ऑयल के ग्राहक सेवा केन्द्र पर ग्राहकों की काफी भीड़ लगी थी। नगरा बिल्थरारोड मार्ग स्थित नायरा के पंप पर डीजल व पेट्रोल दोनों नहीं था। जहागीरापुर स्थित इंडियन आयल के पंप पर पेट्रोल व डीजल दोनों उपलब्ध था। एक बाइक सवार को केवल 100 रुपए का ही तेल मिल रहा था। कड़ाके के धूप में लोग लाइन में लगे थे। चचयां स्थित इंडियन आयल का पेट्रोल पंप भी बंद पड़ा था। नगरा गंडवार मोड स्थित एचपी के पंप पर भी पेट्रोल व डीजल नहीं था। मशीनें ढंकी हुई थी।
मशीन की खराबी से घंटों इंतजार
रतसर । स्थानीय इंडियन आॅयल के पेट्रोल पंप पर डीजल पेट्रोल उपलब्ध रहने के बावजूद शनिवार को मशीन का सिस्टम लाॅक होने से ग्राहकों को तेल नहीं मिला। लोग इंतजार करते दिखे । कर्मचारियों द्वारा मशीन को अनलाॅक करने की कोशिश विफल रही। पंप संचालक यश जायसवाल ने मौके पर संबंधित इंजीनियर को बुलाया गया, तब जाकर खामी दूर हुई।
जिले में डीजल व पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की योजना बनाई गई है। पंप पर स्टाॅक होने के बाद भी वितरण न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसील स्तर पर डीएम के नेतृत्व में बनाई गई टीम लगातार जांच करेंगे। रात को भी जरूरत मंदों को तेल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। - देवमणि मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी।