बलिया। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन रविवार को कुष्मांडा माता पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्घालुओं ने नारियल, चुनरी, धूप, गुड़हल चढ़ाकर परिवार के सुख-समृद्घि की कामना की। इस दौरान मां के जयकारे एवं घंट-घडि़याल से मंदिर परिसर सहित पूरा क्षेत्र के देवीमय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर भारी मात्रा में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद रहे। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शारदीय नवरात्र के चौथे दिन नगर के गुदरी बाजार व जापलिनगंज दुर्गा मंदिर तथा ब्रह्माइन स्थित ब्राह्मणी देवी, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी, फेफना थाना के कपूरी गांव स्थित कपिलेश्वरी भवानी मंदिर पर मां के भक्तों ने पूजन-अर्चन कर परिवार के मंगलमय की कामना की। इसके अलावा नरहीं थाना के कोरंटाडीह स्थित मंगला भवानी, रसड़ा के काली मंदिर, नीबू कबीरपुर व उचेड़ा स्थित चंडी भवानी, सिकंदरपुर के जल्पा-कल्पा मंदिर, मनियर के बुढ़ऊ बाबा मंदिर व नवका बाबा मंदिर, रेवती के पचरूखा देवी गायघाट मंदिर पर मां के भक्तों ने नारियल, चुनरी, प्रसाद चढ़ाकर परिवार के सुख समृद्घि के लिए कामना की। बेल्थरारोड : नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू हो गई है। पूजा पंडालों का निर्माण का कार्य तेज हो गया है। पूजा समितियों के कार्यकर्ता पंडाल को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए शिद्दत से जुट गए हैं। रेलवे चौराहा स्थित मानस मंदिर व बालसंघ दुर्गा पूजा समिति द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष दिलीप मद्देशिया, राहुल कुमार बेचू, श्रीराम गुप्ता, अतुल मद्देशिया आदि ने बताया कि दुर्गा पंडाल 30 फीट लंबा, 15 फीट चौड़ा और 20 फीट ऊंचा बनाया जाएगा। पूजा पंडालों को सजाने के लिए पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं में होड़ मची है।