बलिया। लोकबंधु राजनारायण की 34वीं पुण्यतिथि समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर मनाई गई। इस दौरान सपा नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ-साथ समाजवादी आंदोलन में उनके योगदान पर चर्चा की।
सपा के नेता मृत्युंजय तिवारी बबलू ने लोकबंधु के कृतित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि राजनारायण आजीवन गरीबों, शोषित, वंचितों की लड़ाई लड़ते रहे। वे हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के बारे में सोचते रहे। कहा कि वह 69 वर्ष की उम्र में 80 बार जेल गए। जिसके बूते एक ओर जहां अपने राजनीतिक संघर्षों को धारदार बनाया, वहीं विचार और आचरण से युक्त अपने कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी कर दी। तिवारी ने कहा कि उन्होंने समाज की बेहतरी के लिए आजीवन संघर्ष किया। स्वार्थी और सत्ता उन्मुखी सियासी धारा को जिस तरह से उन्होंने परोपकारी राजनीतिक दरिया के रूप में परिणत करने की भागीरथ कोशिश की, उसी के बल पर इतिहास में उनका नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है। केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस समय देश के हालात बहुत ही खराब है। संविधान और संसद की मर्यादा परंपरा और नियमों की खुल्लमखुल्ला अवहेलना सरकार के प्रमुखों द्वारा की जा रही है। ऐसे में लोकबंधु की पुण्यतिथि पर यह संकल्प लें कि अब सड़कों पर उतर कर किसानों, युवाओं, छात्रों के आंदोलन का समर्थन करेंगे। इस अवसर पर वंशीधर यादव, जमाल आलम, लक्ष्मण गुप्ता, हीरा लाल वर्मा, अजय यादव, कुबेर तिवारी, अजीत मिश्र, प्रभुनाथ यादव, आशुतोष ओझा, रोहित चौबे, अमित राय, राजेश गोंड, जयपाल यादव, मिंटू खान, राम भरोसे यादव, विदेशी लाल यादव आदि रहे।