बलिया। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन मंगलवार को कुष्मांडा माता का पूजन अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने सोशल डिस्टेसिंग का पालन एवं मास्क लगाकर मां को नारियल, चुनरी, धूप, गुड़हल चढ़ाकर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मां के जयकारे एवं घंट-घडिय़ाल से मंदिर परिसर सहित पूरा क्षेत्र देवीमय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर देवी मंदिरों के आसपास महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शारदीय नवरात्र के चौथे दिन देवी मंदिरों व घरों में लोगों ने पूजन अर्चन किया। नगर के गुदरी बाजार व जापलिनगंज दुर्गा मंदिर तथा ब्रह्माइन स्थित ब्राह्मणी देवी, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी, फेफना थाना के कपूरी गांवस्थित कपिलेश्वरी भवानी मंदिर पर मां के भक्तों ने पूजन-अर्चन कर मन्नतें मांगी। इसके अलावा नरहीं थाना के कोरंटाडीह स्थित मां मंगला भवानी, रसड़ा के काली मंदिर, नीबू कबीरपुर व उचेड़ा स्थित चंडी भवानी, सिकंदरपुर के जल्पा-कल्पा मंदिर, मनियर के बुढ़ऊ बाबा मंदिर व नवका बाबा मंदिर, रेवतीके पचरूखा देवी गायघाट मंदिर पर मां के भक्तों ने नारियल, चुनरी, प्रसाद चढ़ाकर परिवार के मंगलमय की कामना की। वहीं घंट-घडिय़ाल तथा मां के जयकारे से मंदिर सहित आसपास का क्षेत्र देवीमय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख मंदिरों में सीसीटीवी कैमरा सहित भारी मात्रा में फोर्स तैनात रही। इसके अलावा खुफिया विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सादे वेश में चक्रमण करते रहे।