बलिया में तड़तड़ाईं गोलियां: अंतरराज्यीय चोर पिता-पुत्र गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; तीन मंगलसूत्र बरामद
बलिया में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय चोर पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी से जुड़े सामान और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं। पुलिस आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
विस्तार
भीमपुरा थाना भीमपुरा पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात मुठभेड़ के दौरान दो अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे सीएचसी नगरा भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मंगलसूत्र, 15600 रुपये नकद, तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद किया है। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।
थाना प्रभारी रंजीत विश्वकर्मा के अनुसार, 27 अगस्त की रात टीम इब्राहिम पट्टी-उद्धरन मार्ग पर प्रेमरजा गांव के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध प्रेमरजा गांव के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों में शामिल अरविंद सोनी (42) निवासी पंचबीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय, बिहार ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी नगरा भेजा गया। मौके से उसके साथी और पुत्र पंकज कुमार सोनी (19) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी गांव-गांव घूमकर महिलाओं के आभूषण और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने का झांसा देते थे। इसी दौरान महिलाओं के गहने चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, 21 और 24 अगस्त को भी दोनों ने ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पीली धातु के मंगलसूत्र, 15,600 रुपये नकद, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा गहने साफ करने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल भी मिली। सीज कर दिया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना भीमपुरा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अरविंद सोनी और पंकज कुमार सोनी के खिलाफ थाना भीमपुरा में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।