बलिया। विकास भवन के बाहर कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण सोमवार को परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने किया। इस कार्य से विकास भवन के फ्रंट की तस्वीर बदल गई है। अब विकास भवन का आगे का हिस्सा आकर्षक लगने लगा है। यह कार्य जनपद और विकास खंडों के अधिकारियों और कार्यालयों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने उम्मीद जताई कि इस कार्य से सभी प्रेरणा लेंगे और अपने कार्यालय को साफ सुथरा आकर्षक बनाएंगे। विकास भवन के बाहर का फ्रंट अच्छा नहीं था। एक बहुत पुराना हैंडपंप था, सफाई भी ठीक से नहीं हो पाती थी, बाइक, कार और साइकिल बेतरतीब खड़ी रहती थीं। विकास भवन बनाते समय ध्यान रखना चाहिए था कि उसी समय ठीक हो जाए। सौंदर्यीकरण के लिए अलग से बजट की व्यवस्था नहीं होती है। इसके बावजूद मुख्य विकास अधिकारी ने पहल की और अपने प्रयास से तस्वीर बदल दी। अब विकास भवन के बाहर दो फीट ऊंचा पत्थर लग गया है। उस पर स्टील का चमकदार विकास भवन लिखा स्टिकर लगाया गया है। दोनों गेट के बाहर की छोटी दीवार भी पेंट करा दी गई है। परिवहन मंत्री ने इसका लोकार्पण करते समय मुख्य विकास अधिकारी के प्रयास की सराहना की और कहा कि सभी ऐसे ही प्रयास करें तो बलिया की तस्वीर पूरी तरह से बदल जाएगी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह और विकास भवन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।