दुबहर। क्षेत्र में पिछले कई महीनों से हो रहे व्यापक विद्युत कटौती के खिलाफ दुबहर डिग्री कॉलेज पर आमरण अनशन कर रहे छात्रनेताओं का अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया।
अनशन कर रहे छात्र नेताओं का हाल-चाल लेने के लिए 24 घंटे से अधिक समय हो जाने के बाद भी ना तो बिजली विभाग का कोई अधिकारी पहुंचा ना ही प्रशासनिक अधिकारी ही। छात्रनेताओं ने कहा कि लगभग 50 गांवों की आबादी के साथ इस भीषण गर्मी में बिजली विभाग के लोग अन्याय कर रहे हैं। शासन की मंशा के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली की आपूर्ति होनी चाहिए लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी शासन के इस आदेश की धज्जियां उड़ा रहे हैं। कहा कि जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती हैं तब तक अनशन जारी रहेगा। इस मौके पर आनंद प्रकाश पांडेय, अंकित सिंह, नफीस अख्तर, विक्रांत सिंह, गोलू सिंह, आकाश दुबे, मनन यादव, रितेश पांडेय, गोविंद पाठक, बीटी मिश्रा, टप्पू गुप्ता, मोहन दुबे आदि रहे।