तहसील प्रांगण में गोंड महासभा एवं गोंड छात्र संघर्ष समिति की ओर से अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र नहीं जारी करने के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन विधायक उमाशंकर सिंह और तहसीलदार प्रभात कुमार सिंह के आश्वासन पर समाप्त हो गया। विधायक उमाशंकर सिंह धरनारत लोगों का समर्थन किया। कहा कि अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। कहा कि लापरवाही की तो अब आप लोगों के आंदोलन का नेतृत्व मैं करूंगा।
विधायक ने तहसील प्रशासन से जांच कर जल्द से जल्द प्रमाण पत्र जारी करने को कहा। कुछ लेखपालों की ओर से जाति प्रमाणपत्र जारी करने में हीलाहवाली करने के आरोप पर तहसील प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जांच करने के बाद ही बनाया जाएगा। इसके लिए लेखपाल-कानूनगो को निर्देश दे दिए गए हैं। फिर भी कही कोई समस्या आती है तो मुझे संपर्क कर सकते हैं। तहसील अध्यक्ष श्रीभगवान ने चेताया की एक सप्ताह के अंदर जाति प्रमाण पत्र बनना शुरू नहीं हुआ तो अब आरपार की लड़ाई होगी। जिलाध्यक्ष हरिहर गोंड़, राकेश गोंड, अभिषेक, राजेश, धीरज, चन्दन, रघुनाथ, प्रमोद कुमार, संदीप, पवन व कमलेश आदि उपस्थित रहे।