Ballia News: पुलिस मुठभेड़ में गैस सिलिंडर चोरी का आरोपी गिरफ्तार, बदमाश पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
Ballia News: पुलिस मुठभेड़ के बाद गैस सिलिंडर चोरी का आरोपी गिरफ्तार किया गया। पुलिस की कार्रवाई में बदमाश को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में गोली लगने से एक शातिर बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर में भर्ती कराया। घायल बदमाश की पहचान शमीम कुरैशी उर्फ सोनू निवासी भरतपुरा हनुमानगंज थाना सुखपुरा के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला
बुधवार देर रात थाना सिकंदरपुर पुलिस टीम नियमित गश्त पर खरीद दरौली मार्ग पर निकली थी। जब पुलिस टीम खरीद से घाघरा नदी जाने वाले मार्ग पर पहुंची, तो सामने से एक बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा।
घायल बदमाश के पास से पुलिस ने एक तमंचा 315 बोर का, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। मौके से अन्य एक साथी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश पुलिस टीम कर रही है।
इसे भी पढ़ें; बरतें सतर्कता: त्योहार में कहीं आप नकली सोना-खोवा न खरीद लें, बचने के लिए जरूर अपनाएं ये पांच तरीके
पकड़े गए बदमाश समीम कुरैशी ने पूछताछ में बताया कि वह हाल ही में सिकंदरपुर कस्बे की श्री लक्ष्मी एचपी गैस एजेंसी गोदाम के अंदर घुसकर दो बार अलग-अलग समय पर गैस सिलेंडर चोरी की वारदात में शामिल था। उक्त घटना में लगभग दो दर्जन गैस सिलिंडर चोरी किए गए थे, जिसकी जांच में पुलिस पहले से जुटी हुई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि घायल बदमाश के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट और अवैध असलहा रखने जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। मुठभेड़ के बाद अब उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
घायल समीम को पुलिस अभिरक्षा में सीएससी सिकंदरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने बताया कि इलाज पूरा होने के बाद आरोपी को जेल भेजा जाएगा।