बलिया। पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पाने वाले व नए किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। बिना फार्मर रजिस्ट्री के लाभ पा चुके व नए किसानों को योजना के लाभ से वंचित रहना होगा। योजना का लाभ पाने के लिए अपने निकट के जनसेवा केंद्र समेत अन्य स्थानों पर फार्मर रजिस्ट्री करा लें। उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि किसान सम्मान निधि पाने वाले सभी किसानों को अब फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराना होगा। किसान फार्मर रजिस्ट्री यूपी एप के माध्यम से स्वयं कर सकते हैं। इसके अलावा अपने नजदीकी जन सुविधा केंद्र पर निर्धारित शुल्क देकर फार्मर रजिस्ट्री कर सकते हैं।
किसानों की जमीनें होगी आधार से लिंक, बनेगा गोल्डन कार्ड : भारत सरकार की एग्रीस्टैक परियोजना के तहत सभी गांवों की जियो रेफरेंस मैप तैयार करने तथा डिजिटल क्राॅप सर्वे के माध्यम से खेतों में खड़ी फसलों को आनलाइन रिकार्ड व्यवस्थित करने के बाद अब फार्मर रजिस्ट्री बनाई जानी है। फार्मर रजिस्ट्री में किसानों की सभी जमीनों के रिकार्ड को आधार से लिंक किया जाएगा। इसके बाद किसानों का एक फार्मर आईडी युक्त गोल्डन कार्ड बनेगा। इसी गोल्डन कार्ड के आधार पर किसानों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ मिलेगा। किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, क्षतिपूर्ति का आंकलन व भुगतान की प्रक्रिया भी सरल हो जाएगी।
किसानों का डाटा प्रमाणित करना होगा आसान : उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि सरकार की तरफ से किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के लिए बार-बार तहसील जाकर खतौनी की प्रमाणित कराने की आवश्यकता नहीं होगी। फार्मर आईडी व गोल्डन कार्ड की सहायता से किसानों का विवरण कभी भी प्रमाणित किया जा सकेगा। फार्मर रजिस्ट्री से जमीनों की जालसाजी जैसे मामले खत्म हो जाएंगे।