बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को शहर की प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। एनएच-31 पर गंदगी देखकर नाराजगी जताई।
उन्होंने परमानंदापुर स्थित कटहल नाला, मेडिकल बाईपास, माल्देपुर क्षेत्र और महावीर घाट पर निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय की प्रगति का जायजा लिया। कार्यों में धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताते हुए डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगाई और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने की चेतावनी दी।
डीएम ने कटहल नाला निर्माण में तेजी लाने और मेडिकल बाईपास की मार्किंग जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही माल्देपुर से सड़क चौड़ीकरण के लिए तत्काल अतिक्रमण हटाने और एनएच-31 के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने को कहा। महावीर घाट पर बाढ़ शरणालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सरिया की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को परखा और बाउंड्रीवाॅल का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम अभिनेंद्र सिंह, पीयूष सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।