बैरिया। पूर्व विधायक और सपा के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश अंचल ने विपणन गोदाम रानीगंज और लालगंज में विपणन निरीक्षक द्वारा कोटेदारों से प्रति महीने लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग मुख्यमंत्री से की है।
कहा कि भय, भूख व भ्रष्टाचार मुक्त नारा देने वाली सरकार के शासन में चहुंओर लूट खसोट मची हुई है, न कोई रोकने वाला है न कोई टोकने वाला। जबसे कोरोना संक्रमण शुरू हुआ है महीने में दो बार खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है इसलिए आवंटन दोगुना हो गया है जिससे विपणन निरीक्षक व उनके लोगों द्वारा जमकर कोटेदारों से वसूली की जा रही है। अगर कोई कोटेदार प्रतिवाद करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई का भय दिखा कर उसे चुप करा दिया जाता है। लालगंज में प्रतिमाह लगभग 10 हजार क्विंटल और रानीगंज गोदाम में लगभग 15 हजार क्विंटल खाद्यान्न प्रत्येक महीने आ रहा है। 70 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सुविधा शुल्क की वसूली की जा रही है। वहीं, प्रति क्विंटल 5 से 6 किलो की घटतौली की जा रही है। अकेले लाखों रुपये का वारा न्यारा करने का दुस्साहस विपणन निरीक्षक नहीं कर सकते हैं। कोटेदार बाहर के नहीं है अपने ही बीच के लोग हैं। उनका शोषण व उनके विरुद्ध दमनात्मक कार्रवाई का जवाब आने वाले दिनों में सरकार के लिए महंगा साबित होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।