UP News: लखनऊ में फंदे से लटकता मिला बलिया के युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बलिया जिले के मलेरा ग्राम निवासी नीतीश (24) पुत्र बालचंद का शव लखनऊ के सरोजनी नगर में फांसी के फंदे से मिला। लखनऊ पहुंचे नीतीश के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
विस्तार
बलिया जिले के मलेरा ग्राम निवासी नीतीश (24) पुत्र बालचंद का शव लखनऊ के सरोजनी नगर में फांसी के फंदे से मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी। शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे परिजनों ने नीतीश की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तहरीर लेने की बात कही है।
नीतीश लखनऊ में सीसीटीवी लगाने का काम करता था। वह सरोजनी नगर के गौरी बाजार में सुमित रावत के यहां किराए का कमरा लेकर रहता था। सुमित के मुताबिक गुरुवार दोपहर जब वह सफाई कर रहा था तो खिड़की से नीतीश का शव फंदे से लटकते देखा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पाकर मौके पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा।
ये भी पढ़ें: कालीन नगरी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी रजिस्ट्री, ट्रस्ट के नाम से लिखाई गई 20 करोड़ की जमीन
जानकारी मिलने पर लखनऊ पहुंचे नीतीश के परिजनों ने उस दौरान बने वीडियो को देख हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने कहा कि इस संबंध में पुलिस ने तहरीर लेने से इनकार किया। कहा कि पीएम रिपोर्ट के बाद तहरीर ली जाएगी। शुक्रवार को परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर एंबुलेंस से बेल्थरारोड के लिए रवाना हो गए। नीतीश तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
छपरा-बलिया रेलखंड के मांझी रेल पुल के समीप ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चरवाहों की माने तो युवक दोपहर लगभग तीन बजे छपरा की तरफ जा रही किसी ट्रेन के चपेट में आ गया। ट्रेन चालक ने शाम को स्टेशन मास्टर को सूचना दी। थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में फोटो भेज दी गई है।