बलिया। उप्र रसोइया कर्मचारी संघ एवं महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर धरना दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा। धरना सभा को संबोधित करते हुए राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर एक सप्ताह तक ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। इसके बाद भी यदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगे सरकार नहीं मानती है, तो अनिश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगी। ज्ञापन में उल्लेख किया है कि 62 वर्ष के बाद सेवानिवृत्ति के उपरांत ग्रेच्युटी एवं पेंशन दिया जाए। प्रत्येक पांच साल पर इंक्रीमेंट उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार दिया जाए सहित अन्य मांगे शामिल है।
वहीं रसोइया संघ के धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रेनू शर्मा ने कहा कि सरकार एक तरफ से महिला सशक्तिकरण दिवस मना रही है और दूसरी तरफ रसोइयों का करीब सात माह का मानदेय बकाया है। विमला भारती ने कहा कि यदि हम लोगों की मांगे सरकार नहीं मानती है तो हम लोग धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सुंदरी देवी, संजू, रमावती, मंजू, गुड़िया, हेवांती, माला, पुष्पा, कंचन वर्मा, रानी देवी, जानकी, कलावती, स्वेता मिश्रा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता प्रताप नारायण तथा संचालन राजेश रावत ने किया।