सुखपुरा। शासन के निर्देश पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो सार्वजनिक शौचालय बनने हैं। इसी के तहत रविवार को सुखपुरा में मुख्य विकास अधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने भूमि पूजन कर शौचालय का निर्माण कार्य शुरू कराया।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शौचालय दो लाख दो हजार रुपये की लागत से बनाए जाएंगे। इसमें एक शौचालय परफारमेंस इंसेंटिव ग्रांट फंड तथा दूसरा ग्राम पंचायत निधि से बनेगा। खुले में शौच से होने वाले नुकसान के बारे में बताते हुए कहा कि शौचालय बनने से लोगों को सहूलियत होगी। कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कार्य इसी 31 मार्च तक पूरा भी करना है। इसके लिए अधिकांश ग्राम पंचायतों में भूमि चयन का कार्य कर लिया गया है। ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को कड़े निर्देश हैं कि होली से पहले ग्राम पंचायत में अनिवार्य रूप से शौचालय का निर्माण कार्य प्रारंभ करा दें। इन शौचालयों में दो पुरुष व दो महिला शौचालय होंगे। इनमें पानी एवं जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होगी। इन शौचालयों की देखरेख ग्राम पंचायत द्वारा किया जाएगा। यह व्यक्तिगत लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए शौचालयों के अतिरिक्त होंगे। कोई भी व्यक्ति नि:शुल्क इनका उपयोग कर सकेगा। सीडीओ ने बताया कि प्रयास यह है कि ग्राम सभा के चट्टी, बाजार एवं बड़ी आबादी के क्षेत्रों में निर्मित ये शौचालय बनाए जाएं। साथ ही जहां पर ऐसे परिवार निवास करते हों जिनके पास व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, उन क्षेत्रों को प्राथमिकता पर रखा जा रहा है। अपर जिलाधिकारी राम आसरे ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए प्राथमिकता के आधार पर गांवों में जमीन उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर डीपीआरओ शशिकांत पांडेय, ग्राम प्रधान आनंद सिंह पिंटू, अधिशासी अभियंता मजहर हुसैन, जेई मिथिलेश कुमार गौड़, प्रेम नाथ शर्मा आदि रहे।