बैरिया। भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने बताया कि वाजिदपुर, भीखाछपरा, दोकटी व पितरौता में पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन से स्वीकृत प्राप्त हो चुकी है। वाजिदपुर और दोकटी में बिरला बांध के उस पार पुल का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, पितरौता में जमुना ड्रेन और भीखाछपरा के सामने भागड़ नाला पर पुल का निर्माण होगा।
उन्होंने दावा किया है कि भगवानपुर में वेटनरी मेडिकल कालेज, जयप्रकाश नगर के आसपास आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज स्थापित किया जाएगा। रविवार को अपने संसदीय कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यूनानी मेडिकल कालेज के लिए भी मंथन चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वेटनरी मेडिकल कालेज की स्थापना के लिए सहमति प्रदान कर दी है। सांसद ने जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों और ब्लॉक प्रमुखों से अपील की कि खेतों और गांवों को सड़क से जोड़ें। इसके लिए मनरेगा में पर्याप्त धन की व्यवस्था है। धन की कमी होने पर शासन से और धन की व्यवस्था कराऊंगा। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने यह भी कहा कि पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक समरसता बढ़ा के लिए गांव-गांव में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करें। सांसद ने स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्साधिकारियों से समर्पित भाव से काम करने का आग्रह किया और कहा किसी की भी सेवा व्यर्थ नहीं जाती है।