बैरिया। शुभनथही गांव में छोटे लोहिया स्व. जनेश्वर मिश्र की जन्मभूमि से उनके 89वीं जयंती पर होने वाले प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के बहाने समाजवादी पार्टी चुनावी बिगुल फूंक कर ब्राह्मणों को अपने पाले में करने की चाल चल दी है। दूसरी ओर इस सम्मेलन पर सत्ताधारी पार्टी भाजपा के अलावा अन्य राजनीतिक पार्टियों की भी नजर है। गुरुवार को होने वाले प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो गयी है।यहा आने वाले अतिथियों और प्रबुद्धजनों को किसी तरह से असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। लगभग पांच हजार लोगों को बैठने लायक तथा आगंतुक अतिथियों के लिए वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था की गई है।
छोटे लोहिया के अनुज पूर्व मंत्री पंडित तारकेश्वर मिश्र ने बताया कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव प्रदेश के प्रत्येक जनपद में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कर रहे हैं। जिसका आगाज छोटे लोहिया के जन्म स्थली शुभनथही से हो रहा है। सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बैरिया विधानसभा क्षेत्र से सूर्यभान सिंह, पूर्व विधायक सुभाष यादव, संजय मिश्र, शिवशरण तिवारी, विवेक तिवारी बागी, शैलेश सिंह, अजय सिंह आदि जुटे हुए हैं। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, पूर्व मंत्री मनोज पांडेय, प्रो. अभिषेक मिश्रा, सनातन पांडेय, पवन पांडेय तथा पूर्व विधायक संतोष पांडेय सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के प्रबुद्ध व पार्टी के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।