UP Crime Alert: पीआईओ से जुड़े बलिया के तार, प्रशासन में मची खलबली; संदिग्धों के मोबाइल फोन खंगाल रही एटीएस
बलिया में संदिग्धों के मोबाइल फोन को एटीएस खंगाल रही है। अयोध्या में आतंकी की गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग नए सिरे से जांच पड़ताल में जुट गया है।
विस्तार
नक्सली गतिविधि के बाद पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (पीआईओ) से बलिया जिले के तार जुड़ने के बाद प्रशासन में खलबली मची है। स्थानीय खुफिया विभाग अलर्ट हो गया। अयोध्या में आतंकी की गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग नए सिरे से जांच पड़ताल में जुट गया है। एटीएस तीनों युवकों के कब्जे में लिए गए मोबाइल फोन खंगाल रही है।
पीआईओ की महिला एजेंट से बातचीत करने की गोपनीय जानकारी पर एटीएस ने तीन दिन पूर्व सुखपुरा, दुबहड़ व दोकटी थाना क्षेत्र में छापा मारकर तीन युवकों से पूछताछ की थी।
तीनों के मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिए थे। तीनों के मोबाइल फोन एटीएस खंगाल रही है। अगर जांच में कोई अहम सुराग हाथ लगा तो तीनों पर कानूनी शिकंजा कस सकता है। इसको को लेकर परिजनों में डर बना हुआ है। संदिग्ध युवकों के परिजनों ने बताया कि टीम ने तीनों को पूछताछ व मोबाइल के लिए आजमगढ़ बुलाया है। कार्रवाई के डर से युवक जाने से कतरा रहे हैं।
सुखपुरा थानाक्षेत्र का एक युवक प्राइवेट शिपिंग में काम करने के दौरान अक्सर मुंबई व विदेशों का दौरा करता था। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान पाक खुफिया विभाग की एजेंट इशिका अक्सर उससे बातचीत करती थी। युवक को इशिका के पाक खुफिया विभाग का एजेंट होने का अनुमान नहीं था। उधर, एटीएस की कार्रवाई को लेकर जिले के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।