लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के सेमरिया के डेरा पुरवा में सोमवार को अपरान्ह में अज्ञात कारणों से लगी आग में एक दर्जन झोपड़ियां व उसमे रखे सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर लालगंज पुलिस व अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची, इसके बाद लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
बताया जाता है कि सोमवार को अपराह्न में दोकटी थाना क्षेत्र के शिवपुर कपूर दियर पंचायत के सेमरिया के डेरा पुरवा निवासी चुन्नू गोंड पुत्र बूढ़ा गोंड के घर अज्ञात कारण से आग लग गई। आग की लहर लोगों को दिखी तो हो हल्ला मचाना शुरु कर दिया। लेकिन गर्मी की तपिश व बहते पछुआ हवा के कारण देखते ही देखते आग विकराल रूप धारण कर लिया। इसके बाद आग की लपटों ने राजन गोंड, बच्चा गोंड, तेजन गोंड, नथुनी शाह, रामायण गोंड, संतोष गोंड, पारस गोंड, मनोज गोंड, सरोज गोंड, रवि गोंड, पार्वती देवी, कमलेश गोंड, हीरालाल गोंड, जवाहर गोंड, मुन्ना गोंड व छट्ठू गोंड के मडहे को भी आगोश में ले लिया। अगलगी में मड़हे सहित उसमें रखे दैनिक उपभोग सामानों के साथ ही अनाज व भूसा जलकर राख हो गया। सूचना पर लालगंज पुलिस व कुछ ही देर बाद अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने आग को बुझाने के लिए मेहनत किया और आग पर काबू भी पा लिया था। इसी बीच अग्निशमन की गाड़ी पहुंची तो आग को पूरी तरह बुझाया।