बैरिया। नौ माह से मानदेय नहीं मिलने से नाराज संविदा विद्युतकर्मियों की हड़ताल शनिवार को आधी रात में अधिशासी अभियंता के आश्वासन पर समाप्त हुआ। इसके बाद दो विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े 70 गांवों में 42 घंटे बाद बिजली की आपूर्ति शुुरू हो गई। बताया जाता है कि क्षेत्र के ठेकहा व जयप्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा विद्युतकर्मियों ने शुक्रवार को मानदेय भुगतान की मांग को लेकर बिजली की आपूर्ति ठप कर दी। संविदाकर्मियों का कहना था कि नौ माह से उनका मानदेय बकाया है और अधिशासी अभियंता से दो माह पहले लिखित और मौखिक आग्रह किया गया था कि होली के अवसर पर कम से कम दो महीने के मानदेय का भुगतान करा दिया जाय। लेकिन उन्होंने इसका संज्ञान गंभीरता से नहीं लिया। संविदाकर्मियों के हड़ताल के कारण ठेकहा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फतेह राय के टोला, लक्ष्मण छपरा, लक्ष्मी छपरा, इब्राहिमाबाद नौबरार, ठेकहा समेत 38 व जयप्रकाशनगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े बाबू के डेरा, जयप्रकाशनगर, नौबरार, कर्ण छपरा, दोकटी समेत 32 गांवों की आपूर्ति शुक्रवार की सुबह से ही ठप रही। विद्युत वितरण खंड चतुर्थ के अधिशासी अभियंता ने शनिवार की देर रात संविदाकर्मियों को आश्वासन दिया कि होली के पहले उनके मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। एक्सईएन के आश्वासन के बाद करीब पिछले 42 घंटे बाद संविदाकर्मी काम पर लौटे और आपूर्ति शुुरू की।