बिछिया (बहराइच)। मुर्तिहा रेंज के अंतर्गत नेपाल-गुलरिहा मार्ग पर अचानक वीडीओ की गाड़ी के सामने तेंदुआ आ गया, जिससे गाड़ी में बैठे लोग सहम गए। यह लोग मुर्तिहा गांव में हो रहे शौचालय निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने जा रहे थे। इस दौरान मार्ग से गुजर रहे एक बाइक सवार की तरफ तेंदुआ झपटा, लेकिन बाइक सवार ने तुरंत गाड़ी मोड़ ली, जिससे वह बच गया। मौके पर जमा भीड़ देखकर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र अंतर्गत मुर्तिहा रेंज के मुर्तिहा गांव में इन दिनों शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांचने सोमवार को ग्राम विकास अधिकारी शैलेश सिंह, रोजगार सेवक प्रेम कुमार, हकीम अंसारी और अबु ओसामा उस्मानी गाड़ी में सवार होकर गांव जा रहे थे। यह लोग जब मुर्तिहा रेंज के नेपाल-गुलरिहा मार्ग से गुजर रहे थे, तभी अचानक जंगल से निकलकर तेंदुआ मार्ग पर आ गया। सामने तेंदुए को देखकर कार चालक ने गाड़ी रोक दी। इसी दौरान दूसरी तरफ से एक बाइक सवार आ रहा था। वह तेंदुए को देखकर जब गाड़ी मोड़ रहा था तभी अचानक से तेंदुआ उसकी तरह झपटा, लेकिन बाइक सवार ने गाड़ी तेज रफ्तार से मोड़ ली। मौके पर मौजूद भीड़ को देखकर तेंदुआ कुछ देर बाद जंगल की ओर चला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तेंदुए को अपने मोबाइल में भी कैद किया।