बहराइच। तेजवापुर के तारापुर खुर्द गांव में गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान पर घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग और भंडारण मिलने पर दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पूर्ति विभाग की टीम ने मौके से चार भरे, 10 खाली घरेलू गैस सिलिंडर और तीन रिफिलिंग यंत्र बरामद किए। दुकानदार सिलिंडरों से संबंधित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सका। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि सोमवार शाम पूर्ति निरीक्षक तेजवापुर अमरजीत वर्मा के साथ क्षेत्र भ्रमण के दौरान मेटुकहा चौराहे से करीब 100 मीटर दूर मानपुरवा मार्ग पर मदरसे के सामने नैमुद्दीन के मकान में संचालित दुकान की जांच की गई। दुकान इरसाद चला रहा था।
जांच में भारत पेट्रोलियम के दो, इंडेन का एक और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का एक भरा घरेलू सिलिंडर मिला। इनमें दो सिलिंडरों पर कैप नहीं लगी थी। इसके अलावा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के छह, भारत गैस के दो और इंडेन के दो खाली सिलिंडर तथा तीन रिफिलिंग यंत्र बरामद हुए। डीएसओ ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण व रिफिलिंग की पुष्टि के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रामगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।