Bahraich News: मां के साथ सो रही बच्ची लापता, क्षेत्र में साइको किडनैपर के सक्रिय होने की चर्चा
बहराइच में मां के साथ सो रही बच्ची लापता हो गई। मां और घर के अन्य लोगों की नींद खुली तो कोहराम मच गया। स्थानीय लोग क्षेत्र में लगातार बालिकाओं के गायब होने से किसी साइको किडनैपर के सक्रिय होने की बात कह रहे हैं।
विस्तार
यूपी के बहराइच में बुधवार की रात मां के साथ सो रही बच्ची अचानक लापता हो गई। महिला की नींद खुली तो बच्ची को बदल में ना देख उसने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर घर के अन्य लोगों की नींद खुल गई। घरवालों ने बच्ची को ढूंढना शुरू किया। लेकिन, कहीं पता नहीं चला। इस पर घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।
घटना मिहीपुरवा तहसील के सुजौली क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी पांच वर्षीय बालिका बुधवार रात अपने तीन भाई-बहनों व मां के साथ सो रही थी। रात लगभग 3:30 बजे जब उसकी मां की आंख खुली तो बालिका बिस्तर पर नहीं मिली। बालिका को बिस्तर से गायब देख मां ने उसे घर के अन्य हिस्सों में ढूंढा, वह नहीं मिली। इससे मां चीख पड़ी और अनहोनी की आशंका जताते हुए पड़ोसियों को बताया। कुछ ही देर में बालिका के गायब होने की सूचना पूरे गांव में फैल गई और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने घर के आसपास बालिका की तलाश शुरू की और घटना की सूचना सुजौली पुलिस को दी। पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू कर दी है। बालिका के गायब होने के बाद से गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोग क्षेत्र में लगातार बालिकाओं के गायब होने से किसी साइको किडनैपर के सक्रिय होने की बात कह रहे हैं। वे सुजौली पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगा रहे हैं।
कई और बालिकाओं के गायब होने की चर्चा
छह दिन में दूसरी बालिका के गायब होने के बाद कई अन्य बालिकाओं के गायब होने की भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सुजौली क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में एक महीने के भीतर लगभग आधा दर्जन ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में ग्रामीणों ने लोकलाज के डर से किसी को कुछ नहीं बताया।
...साइकिल से ले जाने का जिक्र
थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि बालिका की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हैं। जंगल व रास्तों पर तलाश के साथ पूछताछ की जा रही है। ग्रामीण कभी बाइक से तो कभी साइकिल से ले जाने का जिक्र कर रहे हैं। जल्द बालिका को बरामद किया जाएगा। पूर्व में लापता हुई बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट मिलने पर स्थिति साफ होगी।