बहराइच। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के तहत जिले में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के नामांकन की प्रकिया संबंधित विकास खंड मुख्यालयों पर हो रही है। जबकि जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया जिला मुख्यालय पर सुबह 8:00 बजे शुरू हो गई। नामांकन प्रकिया को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट शंभु कुमार ने नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट का निरीक्षण कर नामांकन प्रक्रिया व कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम एवं बचाव के लिए गई तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम व बचाव के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, सैनिटाइजेशन, मास्क वेयरिंग, सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य सुरक्षात्मक प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट स्वयं भी नामांकन के लिए आए हुए लोगों को मास्क का प्रयोग करने, सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य सुरक्षात्मक प्रोटोकॉल का पालन करने की हिदायत देते रहे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जयचंद्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी प्रदीप कुमार यादव, नगर मजिस्ट्रेट अनिल कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सूरज पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।