बहराइच। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग नई दिल्ली के विशेष निगरानीकर्ता (जनजातीय कल्याण) आर. हेमंत कुमार ने स्टेट कोऑर्डिनेटर (पीएमयू) जनजाति विकास उत्तर प्रदेश यूके सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी के साथ शुक्रवार को अमीनपुर नगरौर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर, कमरों और रसोई की साफ-सफाई संतोषजनक मिली।
अधिकारियों ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उनका और उनके परिजनों का हाल जाना। साथ ही भोजन, नाश्ता, दवा, पानी और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने प्रबंधक दिलीप कुमार द्विवेदी को निर्देश दिए कि सरकार की ओर से अनुमन्य सभी सुविधाएं बुजुर्गों को मानक के अनुसार समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने भोजन और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा बुजुर्गों को सुपाच्य और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने को कहा।