सोने की मुहर के लिए सात माह की गर्भवती को जिंदा जलाया, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोने की दो मुहरों के लिए ससुराल के लोगों ने सात माह की गर्भवती को आग के हवाले कर दिया। पड़ोसी इकट्ठा हुए तो ससुरालीजनों ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया और भाग निकले। महिला ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।
मायके के लोगों ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी तो पुलिस टाल-मटोल करने लगी। इस पर घर वालों ने थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगे।
सिपाहियों ने लाठी भांजकर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। पति समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद लोग शांत हुए।
रात में ही पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य पांचों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गुरुवार रात की ये घटना पयागपुर के भूपगंज कल्लूपुरवा की है।
आठ माह पहले ही आई थी ससुराल
कल्लूपुरवा निवासी पूजा (22) को ससुराल के लोग दो साल से सोने की दो मुहरों के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। इसका मुकदमा भी न्यायालय में चल रहा है। सुलह-समझौता के बाद आठ माह पहले पूजा ससुराल आई।
एक माह बाद वह गर्भवती हो गई लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। शुक्रवार देर रात ससुरालीजनों ने पूजा को लाठियों से पीटने के बाद उसे आग लगा दी।
उसकी चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग दौड़े तब ससुरालीजन ने आग बुझाई लेकिन तब तक पूजा पूरी तरह झुलस चुकी थी।
पड़ोसियों का दबाव बढ़ने पर ससुरालीजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया और फरार भाग निकले। सीएचसी में पूजा ने तड़पकर दम तोड़ दिया।
रिपोर्ट दर्ज न करने पर ग्रामीणों व पुलिसकर्मियों में झड़प
सूचना देर रात पूजा के मायके कोतवाली देहात अंतर्गत उन्नैसा गांव पहुंची तो पूजा का भाई चौबेराम गांव के लगभग दो सौ सहयोगियों के साथ पयागपुर पहुंचा। लेकिन, यहां पयागपुर पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी।
इस पर थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों में तीखी झड़प हुई। ग्रामीणों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए।
हालात बिगड़ते देख सिपाहियों ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ा। इसके बाद चौबेराम की तहरीर पर पूजा के पति प्रदीप यादव उर्फ बब्लू, ससुर बजरंगी, सास मुन्नी देवी, ननद निधी व परिवार के ही सदस्य सुभाष व सत्तार के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर जांच शुरू की है।
ससुर हत्थे चढ़ा, बाकी की तलाश है जारी
थानाध्यक्ष विनय यादव ने बताया कि आरोपी ससुर को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा, तहसीलदार शिवध्यान पांडेय ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है।