बहराइच। शहर में दुलदुल हाउस के पास इंटर की छात्रा पर तेजाब फेंकने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेसियों ने पीपल तिराहे पर प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकालने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि मौके पर पहुंचे नगर मजिस्ट्रेट कांग्रेसियों से ज्ञापन लेकर वापस भेज दिया।
शहर में दुलदुल हाउस के पास सोमवार की शाम एक युवक ने इंटर की छात्रा पर तेजाब डाल दिया था, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई थी। घटना के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर जेपी मिश्रा की अगुवाई में कांग्रेस भवन पर एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ता जिला प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट जाने के लिए जुलूस निकालने लगे। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल ने कांग्रेसियों को आगे जाने से रोक दिया। कार्यकर्ताओं व पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक व धक्कामुक्की शुरू हो गई। गुस्साए कांग्रेसियों ने मार्ग पर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि छात्रा पर एसिड अटैक की घटना ने जिलेवासियों को हैरानी में डाल दिया है। इस मौके पर जिला प्रवक्ता शेख जकरिया शेखू, नगर अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल, महिला जिलाध्यक्ष मनुदेवी, जिला उपाध्यक्ष मुकुंदजी शुक्ल शेरा, कमला सोनी, सुनील सिंह, अमरनाथ शुक्ला, लालबहादुर तिवारी आदि मौजूद रहे।