बहराइच: हवा भरने वाली टंकी में विस्फोट, धमाके में एक पैर कटकर अलग हुआ, अस्पताल में तोड़ा दम
बहराइच के दौलतपुर गांव में पंचर की दुकान पर रखी हवा भरने वाली टंकी में तेज धमाका हो गया। हादसे में 14 वर्षीय जाहिद का एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
विस्तार
दौलतपुर गांव में बुधवार दोपहर पंचर की दुकान पर रखी हवा भरने वाली टंकी में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से वहां मौजूद 14 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि किशोर का एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरा पैर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दौलतपुर निवासी जमालुद्दीन गांव से कुछ दूरी पर पंचर बनाने की दुकान चलाते हैं। बुधवार दोपहर उनका बेटा जाहिद (14) घर से खाना लेकर दुकान पर पहुंचा था। पिता को खाना देने के बाद वह वहीं बैठ गया। इसी दौरान दुकान के पास रखी हवा भरने वाली टंकी में अचानक तेज धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से जाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग किसी अनहोनी की आशंका में घरों से बाहर निकल आए। लोग एक-दूसरे से धमाके के बारे में पूछताछ करने लगे। उधर, परिजन घायल जाहिद को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ब्रह्मा गोंड ने बताया कि पृथम दृष्टया जांच में टंकी में प्रेशर अधिक होने से विस्फोट का पता चला है, घटना की जांच की जा रही है।
