बहराइच। लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीजल के दामों को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बाइक को रस्सी से बांधकर आधा किमी तक खींचकर सरकार को यह एहसास कराया कि अगर लगातार ऐसे ही दामों में बढ़ोत्तरी होती रही तो वह दिन दूर नहीं जब लोग या तो बाइक को घर पर खड़ी कर देंगे या फिर रस्सी से खींच कर ले जाएंगे। आप ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दामों को कम करने की मांग सरकार से की है।
आप जिलाध्यक्ष संतोष कुमारी रस्तोगी ने कहा कि इस समय जनता कोरोना के संकटकाल से गुजर रही है। लोगों के व्यापार चौपट हो गए है। नौकरियों से निकाला जा रहा है। कामगारों को सैलरी नहीं मिल रही है और ऐसे में केंद्र सरकार लगातार महंगाई बढ़ा रही है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार पिछले 18 दिनों में 18 बार दाम बढ़ा चुकी है। आप ने सरकार से मांग की है कि बढ़े दामों को घटाकर जनता को राहत दे। इस मौके पर भोला सोनी, इरफान अहमद, फिरोज खान, महफूज अहमद, हलीम मिर्जा, शरीफ अहमद आदि मौजूद रहे।